विद्यार्थियों की शिक्षा हेतु हर संभव सहायता को तैयार है महाविद्यालय : प्रो. बत्रा

हरिद्वार। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को सहायता राशि का सदुपयोग कर शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयां किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा और प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रबंध तंत्र और महाविद्यालय प्रशासन प्रत्येक वर्ष जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराता है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।प्रो. बत्रा ने विद्यार्थियों से सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने और जीवन में उच्च लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *