पुलिस लाइन में विशेष योग शिविर का आयोजन, पुलिस कर्मियों और रंगरूटों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रोशनाबाद में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रंगरूटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग शिविर में देव संस्कृति विश्वविद्यालय और गायत्री परिवार शांतिकुंज के अनुभवी योग आचार्यों एवं प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।

प्रशिक्षकों ने योग को स्वस्थ तन और संतुलित मन का आधार बताते हुए नियमित योगाभ्यास के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों और रंगरूटों को योग करने की सही तकनीक सिखाई गई तथा उन्हें दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण सेवा में कार्यरत कर्मियों के लिए योग तनाव प्रबंधन और बेहतर कार्यक्षमता का प्रभावी माध्यम है। शिविर के समापन पर प्रतिसार निरीक्षक प्रवीन आलोक ने योग आचार्यों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। योग प्रशिक्षण टीम में अजय त्रिपाठी, डॉ. कमल किशोर यादव, डॉ. इन्द्राणी त्रिवेदी, अकुला ज्योतिका श्रेया एवं वंशिका शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *