हरिद्वार। भीषण गर्मी के बीच लालजीवाला फीडर के चंडीघाट बिजलीघर से पोषित श्यामपुर क्षेत्र में करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से क्षेत्र की बड़ी आबादी बेहाल रही। सोमवार रात करीब 10 बजे गुल हुई बिजली मंगलवार दोपहर 12:42 बजे सुचारू हो सकी। पूरी रात और अगले दिन दोपहर तक बिजली नहीं रहने से लोग उमस और भीषण गर्मी से जूझते रहे। घरों में पंखे, कूलर और पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और दैनिक कामकाज भी प्रभावित रहे। महिलाओं को घरेलू कामकाज और छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर सबसे अधिक दिक्कतें उठानी पड़ीं।
एक ओर गंगा नदी और दूसरी ओर घने वन क्षेत्र से घिरे श्यामपुर इलाके में रात के समय बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही। बिजली संकट का असर सरकारी कामकाज पर भी पड़ा। कोतवाली श्यामपुर से मिली जानकारी के अनुसार ऑनलाइन शिकायतों के निपटारे सहित अन्य कार्यालयी काम भी प्रभावित हुए, जिससे पुलिस कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि कांगड़ी में तिरछे पुल के पास 11 केवी लाइन के केबल बॉक्स में खराबी आने से बिजली आपूर्ति ठप हुई थी।
सोमवार रात को ही मरम्मत कार्य शुरू किया गया था, लेकिन मौके पर जंगली हाथियों का झुंड मिलने के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि लाइन पर अधिक लोड को देखते हुए अलग-अलग चरणों में बिजली आपूर्ति शुरू की गई।