हरिद्वार। लगातार बारिश से श्यामपुर, कांगड़ी और गाजीवाली में करीब 80 बीघा में लगी गेंदे की फसल प्रभावित हुई है। खेतों में फसल को नुकसान के साथ मंडी में उचित भाव नहीं मिलने से फूल उत्पादक किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसान बालकरण सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार को जन्माष्टमी के दिन गेंदा फूल लेकर हरिद्वार सब्जी मंडी पहुंचे थे। त्योहार के दौरान फूलों की मांग रहने के बावजूद वहां भाव बेहद कम मिला।
उनका कहना है कि इतनी कम कीमत में फूल बेचने पर खेती की लागत निकालना मुश्किल है। किसान अतर सिंह भी गेंदा फूल लेकर मंडी पहुंचे थे।उन्होंने बताया कि कम भाव देखकर उन्होंने उपज बेचने के बजाय वापस ले जाना उचित समझा और बिना माल बेचे लौट आए। क्षेत्र में कुछ किसानों ने जमीन ठेके पर लेकर गेंदे की खेती की है। फसल को नुकसान पहुंचने और उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने से इन किसानों पर ठेके की रकम और खेती की लागत का दोहरा दबाव है।
श्यामपुर और कांगड़ी में कुलदीप, बालकरण सिंह, अतर सिंह, गंगा समेत कई किसान गेंदे की खेती करते हैं। लगातार बारिश के बीच किसान बची हुई फसल को बचाने और उसकी उचित कीमत मिलने की उम्मीद लगाए हैं। फसल के नुकसान और कम कीमत की दोहरी मार झेल रहे किसानों के लिए अब नुकसान का वास्तविक आकलन और राहत की उम्मीद महत्वपूर्ण हो गई है। खेतों में खड़ी फसल के साथ किसानों की मेहनत और पूंजी भी दांव पर लगी है।