हरिद्वार। कनखल के सतीकुंड स्थित महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है। चुनाव को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कॉलेज में कुल 348 छात्राएं मतदाता हैं, जो विभिन्न पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रही हैं। अध्यक्ष पद पर कावेरी, सचिव पद पर संजना और कोषाध्यक्ष पद पर जाह्नवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।
ऐसे में इन पदों पर मतदान की आवश्यकता नहीं है। वहीं, अन्य प्रमुख पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। उपाध्यक्ष पद के लिए अद्रिका त्यागी, आरती शर्मा और विजय लक्ष्मी चुनाव मैदान में हैं। सह सचिव पद पर तराना और सोमिया के बीच मुकाबला है। जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए पलक, रिदा प्रवीण और गंगा के बीच चुनाव हो रहा है।
कॉलेज की कार्यकारिणी के लिए रिया, रेनू, ताबींदा, छाया, शुक्रिया और विधानसी को मनोनीत किया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके साथ ही चुनाव परिणाम सामने आएंगे। कॉलेज परिसर में मतदान को लेकर छात्राओं में उत्साह बना हुआ है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।