हरिद्वार। उत्तराखंड पटवारी भर्ती पेपर लीक मामले में एसआईटी (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब से पहले 11 आरोपी सालाखों के पीछे जा चुके हैं। शुक्रवार को 12वें आरोपी को भी गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। 12वां आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक है। बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पटवारी भर्ती परीक्षा आयोजित कराई थी। परीक्षा के अगले दिन ही पेपर लीक होने का मामला सामने आ गया था। शुरुआत में पुलिस ने 7 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया था। तभी से लगातार पुलिस की आरोपियों से पूछताछ चल रही है। हाल में पुलिस ने आरोपियों को चार दिन की रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उनकी निशानादेही पर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए थे। पटवारी पेपर लीक मामले में हरिद्वार के कनखल थाने में मामला दर्ज है। एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह के नेतृत्व में इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।
शुक्रवार को एसआईटी ने 12वें आरोपी को हरिद्वार से ही गिरफ्तार किया है। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक है, जिसका नाम अभय राम है। अभय राम के पास से एसआईटी को दो लाख रुपए की नकदी बरामद हुई है। एसआईटी अभय राम को देहरादून कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।गौरतलब हो कि अभय राम बीते साल ही शिक्षा विभाग से शिक्षक के पद से रिटायर हुआ है। अभय राम ने अपने एक रिश्तेदार के जरिए आरोपी राजपाल व संजीव दुबे के साथ मिलकर पटवारी भर्ती परीक्षा का आउट हुआ पेपर 6 ज्यादा लोगों को उपलब्ध कराया था। इसके बाद आरोपी ने उनके मोटी रकम वसूली थी। अभ्यर्थियों को सहरानपुर जिले के बिहारीगढ़ इलाके में स्थित रिजॉर्ट में बुलाया गया था।
एसआईटी ने बताया कि अभय राम मूल रूप से हरिद्वार में लक्सर के पास पीतपुरा गांव का रहने वाला है। इस प्रकरण में एसआईटी अब तक संजीव चतुर्वेदी (अनुभाग अधिकारी), रितु पत्नी संजीव चतुर्वेदी, मनीष कुमार, प्रमोद कुमार, राजपाल, संजीव कुमार उर्फ संजीव दुबे, राम कुमार, सोनू उर्फ खडकू, दीपक, सौरभ, अंकुश और अभयराम को गिरफ्तार कर चुकी है