पर्यटकों के उतरते ही आग के गोला बनी मर्सिडीज

मसूरी। दून-मसूरी मार्ग पर ऋषि आश्रम के पास देर रात एक मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस फायर सर्विस मौके पर पहुंची। टीम ने कार में लगी आग पर बमुश्किल से काबू पाया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि देर रात को हरियाणा से आए पर्यटक मसूरी से देहरादून लौट रहे थे।
इसी दौरान ये पर्यटक ऋषि आश्रम के पास चाय पीने के लिए रुके हुए थे। पर्यटक अभी चाय पी ही रहे थे कि तभी कार से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगते समय कार में कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था।
मसूरी पुलिस ने बताया कि बुधवार को हरियाणा से पर्यटक अमित कुमार, आशीष कुमार, प्रवेश और नवीन मसूरी घूमने आए थे। देर रात को मसूरी झील के निकट उनकी मर्सिडीज कार में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण वह गर्म हो रही थी। जिसके कारण वह वापस देहरादून लौट रहे थे। मसूरी कोलूखेत ऋषि आश्रम के पास चाय पीने के लिए सभी लोग कार से उतरे।तभी अचानक कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते कार ने आग पकड़ ली। मसूरी पुलिस ने बताया कि कार पूरी तरीके से जलकर राख हो चुकी है। लेकिन, किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *