हरिद्वार। शहर में चल रहे डीप सीवर लाइन निर्माण पर व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके खिलाफ मंगलवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले मनसा देवी रोपवे के सामने प्रदर्शन किया गया। आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने पुराने डाट वाले नाले को तोड़कर बिना पुनर्निर्माण किए मिट्टी से भर दिया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। जिला महामंत्री संजय त्रिवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया।
उन्होंने कहा कि विदेशी वित्त पोषित डीप सीवर लाइन का कार्य उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कराया जा रहा है, लेकिन इसमें मानकों की अनदेखी की जा रही है। चारधाम यात्रा शुरू होने में कुछ ही दिन शेष हैं, इसके बावजूद कार्य की गति धीमी है और गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारी नेताओं का आरोप है कि अंग्रेजों के समय का डाट वाला नाला, जो भूरे की खोल से मनसा देवी रोपवे के नीचे से होकर प्रवेश द्वार के सामने निकलता है,
उसे तोड़ दिया गया और बिना मरम्मत के मिट्टी से भर दिया गया। इससे सड़क पर कुएं जैसा गड्ढा बन गया है, जो किसी भी समय हादसे का कारण बन सकता है। वरिष्ठ व्यापारी नेता तेज प्रकाश साहू ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ दफ्तरों में बैठकर काम चला रहे हैं, जबकि मौके पर तकनीकी निगरानी का अभाव है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी बड़ा आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान गुजरात से आए यात्री जितेंद्र कामेश्वर भाई ने भी सड़कों की स्थिति पर नाराजगी जताई और व्यवस्था पर सवाल उठाए। इस मौके पर कल्लू पहलवान, गोपी जाटव, गगन गुगनानी, सुमित कुमार, सुरेश शाह, विशु शर्मा, विकास कुमार और रिंकू सिंह समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।