वैसाखी स्नान के लिए 10 जोन-33 सेक्टर में बंटी सुरक्षा व्यवस्था

हरिद्वार। वैसाखी स्नान एवं सद्भावना सम्मेलन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। रविवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने संयुक्त रूप से मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी कर्मी सतर्कता, संयम और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाएं।

पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सक्रिय रखते हुए हर महत्वपूर्ण सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि भीड़ बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर दबाव नियंत्रित किया जाए।

मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों में कतार व्यवस्था, महिला घाटों पर विशेष सतर्कता और जल पुलिस की ओर से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हरकी पैड़ी क्षेत्र में भिखारियों को हटाकर आवागमन सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पर्व अवधि के दौरान भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

घुड़सवार पुलिस की तैनाती के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, स्वच्छ वर्दी और श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *