धरना स्थल पहुंचे एसडीएम-तहसीलदार, किसानों संग वार्ता रही बेनतीजा

हरिद्वार।  पीली पड़ाव ग्राम पंचायत में बंदोबस्त प्रक्रिया के विरोध में किसानों एवं खातेदारों का धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किसान ग्राम पंचायत भवन परिसर स्थित ब्रह्मदेवता पीपल वृक्ष के नीचे एकत्र होकर लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे अपनी ग्राम पंचायत में बंदोबस्त प्रक्रिया को किसी भी रूप में आगे बढ़ाए जाने के पक्ष में नहीं हैं।

धरने के तीसरे दिन एसडीएम हरिद्वार जितेंद्र कुमार और तहसीलदार हरिद्वार सचिन कुमार बंदोबस्त टीम के साथ धरनास्थल पहुंचे और किसानों से वार्ता की। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया। हालांकि किसानों ने वार्ता को बेनतीजा बताते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि गांव का कोई भी व्यक्ति बंदोबस्त प्रक्रिया नहीं चाहता। उन्होंने उल्लेख किया कि पूर्व में हुई चकबंदी से जुड़े विवाद आज भी न्यायालय में लंबित हैं। किसानों ने आशंका जताई कि यदि बंदोबस्त प्रक्रिया का गजट निरस्त नहीं किया गया तो गांव में दोबारा विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

ग्रामीणों ने बंदोबस्त प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद कर संबंधित गजट निरस्त करने की मांग उठाई। ग्राम प्रधान शशि पाल सिंह झंडवाल ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में मनीष कुमार, छोटे सिंह, सोहनलाल, तरसेन सिंह, मलखान, देवेंद्र सिंह, दिलेराम समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *