हरिद्वार। पौष क्षेत्र मध्य हरिद्वार की विवेक विहार कॉलोनी में सोमवार को उत्तराखंड जल संस्थान ने पानी की मुख्य पाइप लाइन की मरम्मत का काम किया। मरम्मत के लिए क्षेत्र के पांच पंपिंग स्टेशनों से पानी की सप्लाई बंद की गई। सप्लाई बाधित होने से करीब 30 हजार की आबादी को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। दिन में पांच घंटे लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। सोमवार को जल संस्थान के कर्मचारियों ने विवेक विहार कॉलोनी में लीकेज मुख्य पाइप लाइन की मरम्मत का काम किया।
मरम्मत के लिए दोपहर 12 बजे मुख्य पाइप लाइन से पानी की सप्लाई को रोकना पड़ा।इसके लिए आसपास के पांच पंपिंग स्टेशन न्यू हरिद्वार, गोविंदपुरी, देवपुरा, ललतारौ और टिबड़ी से पानी की सप्लाई को बंद किया गया। काम पूरा होने के बाद शाम पांच बजे पानी की सप्लाई सुचारु हो सकी। सप्लाई बाधित होने से टिबड़ी, शिवलोक कॉलोनी, रानीपुर मोड़, मॉडल कॉलोनी, विवेक विहार, पुराना रानीपुर मोड़, न्यू हरिद्वार, गोविंदपुरी कॉलोनी, खन्ना नगर, ऋषिकुल, देवपुरा, मायापुर, विकास कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, औद्योगिक क्षेत्र, लौधामंडी आदि में लोगों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी।
पानी की कटौती से दिन में महिलाओं के घरेलू काम प्रभावित हो गए। हालांकि शाम को पानी की सप्लाई सुचारू होने के बाद लोगों को राहत मिली। वहीं ईई विपिन चौहान ने बताया कि विवेक विहार कॉलोनी में पाइप लाइन की मरम्मत काम के लिए पानी सप्लाई बंद करनी पड़ी। दोपहर 12 बजे तक लोगों को पानी सप्लाई किया गया था। मरम्मत काम की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई थी। काम का लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।