वीकेंड पर जाम से जूझा हरिद्वार, हाईवे से लेकर अंदरूनी मार्गों तक रेंगते रहे वाहन

हरिद्वार।  वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आमद के चलते शनिवार को धर्मनगरी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह दबाव में रही। हाईवे से लेकर शहर के प्रमुख और अंदरूनी मार्गों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। शनिवार सुबह से ही दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने लगा था। दोपहर तक हाईवे के साथ ही सर्विस लेन, रेलवे रोड, भीमगोड़ा मार्ग और उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र की सड़कों पर भी जाम की स्थिति बन गई।

हरकी पैड़ी और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण यातायात व्यवस्था और प्रभावित हुई। जाम के चलते लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा। दोपहिया वाहन चालक भी जाम से नहीं बच सके, जबकि पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें दूर तक दिखाई दीं। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर तैनात रहे। इसके बावजूद वाहनों की अत्यधिक संख्या के कारण स्थिति को सामान्य करने में समय लगा। स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *