हरिद्वार में पौधारोपण, दो लाख किसानों को मिलेगा शून्य ब्याज पर ऋण

हरिद्वार। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने पर मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत रविवार को जिला सहकारी बैंक, हरिद्वार परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित सहकारिता मंत्रालय ने पांच वर्षों में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में किसान गोष्ठियां, सहकारिता सम्मेलन और पौधरोपण अभियान चलाए जा रहे हैं।

देश में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 30 लाख किसान सहकारिता से जुड़े हैं। इस वर्ष दो लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य के सहकारी बैंक 300 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ में पहुंच चुके हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए 55 नई शाखाएं खोली जाएंगी। सरकार ‘खेत बचाओ अभियान’ के साथ किसानों को जैविक खेती की ओर भी प्रोत्साहित कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक के प्रशासक एवं निबंधक सहकारी समितियां आनंद एडी शुक्ल ने किया।

जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा तथा जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक सौ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, महापौर किरन जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मधु सिंह, राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, विकास तिवारी, सुशील त्यागी, विभिन्न सहकारी समितियों के सभापति, संचालक सदस्य, किसान, सहकारिता विभाग तथा जिला सहकारी बैंक के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *