देहरादून: जनसमस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 109 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, मुआवजा, आर्थिक सहायता, ऋण माफी तथा विभिन्न सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान एक मार्मिक मामला सामने आया, जिसमें 75 वर्षीय विधवा माया देवी ने अपनी नातिन के व्यवहार से उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी महिला सेल को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं भगवान देई द्वारा संपत्ति विवाद और जान से मारने की धमकी की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम सदर और क्षेत्राधिकारी रायपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांवली रोड निवासी सुरेंद्र कुमार की पारिवारिक विवाद संबंधी शिकायत पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर बस सेवा संचालित न होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) को तत्काल तलब किया और आमजन को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कालसी क्षेत्र के लूहन गांव के किसानों द्वारा लखवाड़ बांध परियोजना के तहत पुनर्स्थापन अनुदान न मिलने की शिकायत पर संबंधित अधिशासी अभियंता से तत्काल आख्या मांगी गई। वहीं प्रेमनगर निवासी सुनील कुमार के सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त मकान के लंबित मुआवजे के मामले में पात्र मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
भूमि पैमाइश, अवैध कब्जे, डेयरी में कथित अनियमितताओं, पेयजल आपूर्ति, अधिक बिल, अतिक्रमण और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।