हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को व्यापक जनभागीदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, साइकिल एवं ई-बाइक रैली सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने तथा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा सेल्फी बूथ, शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां तथा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि जहां संभव हो, सरकारी भवनों, पुलों, सड़कों, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल, अस्पताल, विद्यालय, बाजार और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाए। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर तिरंगा आधारित रंगोली भी बनाई जाएगी। विद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में तिरंगे से प्रेरित कला-कृतियां, स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर आधारित गतिविधियां तथा वंदे मातरम् के अंशों से परिसर सजाने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहन मिल सके। जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, खंड विकास अधिकारियों और अन्य विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आमजन को भी हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम में भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य विभागों को समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करने को कहा गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।