हरिद्वार। सड़क हादसे में घायल युवक की एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई आशीष कुमार पुत्र महीपाल निवासी सहारनपुर यूपी ने कोतवाली नगर पुलिस को शिकायत पत्र देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस के अनुसार, मृतक अंकित कुमार नौ अगस्त की रात परिचितों के साथ बाइक से कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। रात को भूपतवाला ऋषिकेश रोड पुल के पास रुड़की की तरफ से तेज गति से आ रही अज्ञात बाइक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में अंकित को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।
जहां 15 अगस्त को उसकी मौत हो गई। हादसे के दौरान उसका मोबाइल गायब हो गया था। परिजनों के मुताबिक, 10 अगस्त को उसके मोबाइल से यूपीआई के जरिए कई बार कुल 4800 रुपये निकाले गए। परिजनों ने मोबाइल बरामद करने और रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी बाइक चालक की तलाश जारी है।