तलाक दिए बिना दूसरी शादी का आरोप, पति समेत दो पर मुकदमा

हरिद्वार। कांगड़ी निवासी महिला ने पति पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत पर श्यामपुर पुलिस ने पति सुमित और रितू पत्नी सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला के मुताबिक उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को मुजफ्फरनगर निवासी सुमित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया गया और मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

यह भी आरोप है कि उसके पति ने वर्ष 2025 में रितू नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली, जिससे एक बच्ची का जन्म हुआ है। बच्ची के जन्म संबंधी अभिलेख में सुमित का नाम पिता के रूप में दर्ज है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी साल 25 जून को उसका पति मायके पहुंचा और उसके साथ मारपीट करते हुए तलाक देने का दबाव बनाया। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शनिवार को शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *