अस्पताल के बाहर बेकाबू बस ने कई गाड़ियों को रौंदा

हरिद्वार। हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक का हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। यह हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ, जहां बस ने अस्पताल के बाहर खड़ी कारों को टक्कर मारी।

गनीमत रही कि उस समय अस्पताल के बाहर मरीजों की भीड़ नहीं थी। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए यह बस जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क पर खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं ऑटो चला रहे त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

चालक का हाथ कटकर अलग
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। क्योंकि ज्यादातर वाहन सड़क किनारे खड़े थे। एक निजी अस्पताल के बाहर यह हादसा हुआ है।

अस्पताल के बाहर हुआ हादसा
गनीमत रही कि सुबह के वक्त अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ नहीं थी, वरना कई लोगों की जान पर भारी पड़ जाती। वही पुलिस ने मौके से बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया गया है और बस को भी कब्जे में ले लिया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मौके से बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *