हरिद्वार। वाहन चालान के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक को खोलना ज्वालापुर निवासी गगन शाह को भारी पड़ गया। लिंक खोलते ही उनके मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से करीब चार लाख रुपये निकल गए। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने न तो किसी के साथ ओटीपी साझा किया और न ही उनके पास कोई फोन आया।
शिकायत के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गणेश विहार कॉलोनी, सीतापुर निवासी गगन शाह पुत्र शांति देवी ने साइबर पुलिस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि शनिवार को उनके मोबाइल पर दो हजार रुपये का चालान होने का संदेश आया था। संदेश के साथ एमपरिवहन से मिलती-जुलती वेबसाइट का लिंक भी भेजा गया था। उन्होंने लिंक खोला तो मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड हो गया।
इसके बाद उनके खाते से रकम कटने लगी। शिकायत में कुल 3,99,692.93 रुपये की धोखाधड़ी की रकम दर्ज कराई गई है। इसमें 99,692.93 रुपये की रकम पर लियन दर्ज होने का उल्लेख है। पीड़ित की ऑनलाइन शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसकी पुष्टि कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने की है।