हरिद्वार: हरिद्वार में गुरुवार को सुबह से दोपहर तक हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने से दिन में ठंडक बढ़ गई। बारिश के कारण बाजारों में भी ग्राहकों की आवाजाही कम रही। धर्मनगरी में गुरुवार को बारिश के चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीर बारिश में भीगते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचे। बाजारों में भी कारोबार प्रभावित रहा। शहर में कुल 10 एमएम बारिश दर्ज की गई।
बारिश से जनजीवन और बाजार प्रभावित: आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार गुरुवार को धर्मनगरी में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। गुरुवार को अधिकतम तापमान में 11 डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट से दिन में ठंड का एहसास बन गया।
बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। दोपहर बाद बारिश थम गई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। इसके चलते मौसम सुहावना होने के बजाय ठंडा हो गया। शाम और रात के समय ठंड का असर और अधिक महसूस किया गया। मौसम में आई ठंडक के कारण लोगों ने अपने पंखे और कूलर बंद रखे। अचानक बदले मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया और बाजारों की रौनक भी फीकी पड़ गई। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में ग्राहकों की संख्या बड़ी कम रही। दुकानदार दिनभर ग्राहकों का प्रतीक्षा में खाली बैठे रहे।
शुक्रवार को बारिश का येलो अलर्ट
हरिद्वार(आरएनएस)। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। इस दौरान विभाग ने आंधी तूफान चलने, आकाशीय बिजली गिरने, तेज सतही झोंकेदार हवाएं चलने और बारिश होने की चेतावनी जारी की हुई है।