हरिद्वार, 24 मई। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था हरि सेवा आश्रम का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व हरि सेवा आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द महाराज,महंत दुर्गादास,महंत कमलदास ने मंत्रोच्चारण के साथ वार्षिकोत्सव, दशहरा महोत्सव व संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आरती एवं पूजा-अर्चना की एवं सन्तों व महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वार्षिकोत्सव समारोह में पधारे हरि सेवा आश्रम के सभी श्रद्धालु भक्तों को हार्दिक शुभकामनायें देते हुए कहा कि श्रीमदभागवत जैसे पुण्य कार्य में सहभागी होने का उन्हें अवसर प्रदान करने के लिए स्वामी हरिचेतनानंद महाराज का साधुवाद है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज इस पावन अवसर पर हम यहां किसी के बुलावे पर न आकर उस ईश्वर की असीम कृपा की वजह से यहां पहूंचे हैं। उन्होंने महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द महाराज का जिक्र करते हुए कहा कि संतो का समूचा जीवन सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण संवर्धन के लिए होता है और स्वामी जी ने अपना जीवन राष्ट्र, धर्म तथा संस्कृति को समर्पित किया है। पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आज पूरा देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस समय कई देशों के प्रवास पर हैं, जिस देश में भी वे जा रहे हैं, वहां उत्सव हो रहा है तथा भारत के प्रति विश्व का नजरिया बदला है। मुख्यमंत्री ने कोराना काल का जिक्र करते हुये कहा कि भारत ने कई देशों को कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति करके लाखों लोगों की जान बचाई है तथा वैक्सीन के पैकिंग के डिब्बों के माध्यम से विश्व बन्धुत्व- सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया का सन्देश दिया। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जो सम्पूर्ण मानव मात्र व पूरे विश्व की चिन्ता करता है। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री के विस्तृत विजन की वजह से जी-20 की बैठकें देश के कोने-कोने में हो रही हैं तथा हमारे प्रदेश उत्तराखण्ड को भी जी-20 की तीन बैठकें करने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ है, जिनमें से एक बैठक रामनगर में हो चुकी तथा एक का शुभारम्भ आज ऋषिकेश में हो रहा है एवं तीसरी बैठक भी आगामी दिवसों में ऋषिकेश-नरेन्द्रनगर में आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था पहले ११वें स्थान पर थी, जो प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व की वजह से पांचवें स्थान की अर्थव्यवस्था बन गयी है, आयोध्या में राम मन्दिर का निर्माण हो रहा है, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर अपना भव्य स्वरूप प्राप्त कर चुका है, केदारनाथ भव्य व दिव्य बन गया है, आने वाले समय में हेमकुण्ड धाम की यात्रा और भी आसान होने वाली है, जहां गोविन्दघाट से हेमकुण्ड तक रोपवे का निर्माण होने जा रहा है, जिससे यात्रा में बहुत ही कम समय लगेगा, कई रोपवे के निर्माण के साथ ही गुणावत्तापरक सड़कों का पूरे प्रदेश में जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा की भांति कुमाऊं में मन्दिर माला मिशन के तहत पर्यटन को बढ़ाने का निरन्तर प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर हरि सेवा आश्रम के परमाध्यक्ष कथा व्यास महामण्डलेश्वर स्वामी हरिचेतनानन्द महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री का गऊ, गंगा, सन्त तथा सैनिकों के प्रति विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि इस संसार में जिन्होंने भी बड़े-बड़े जन-कल्याणकारी कार्य किये हैं, विनम्र बनकर ही किये हैं, उसी तरह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हैं, जो विनम्रता के साथ बड़े-बड़े जन-कल्याणकारी निर्णय ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सनातन संस्कृति को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि हरि सेवा आश्रम का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और 27 मई को आश्रम परिसर में भव्य संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है जिसमें शंकराचार्य, देश के बड़े-बड़े धर्माचार्य, संत महात्मा और उत्तराखंड के बड़े-बड़े राजनेता प्रतिभाग करेंगे। धर्म सत्ता और राज सत्ता का अनूठा संगम होगा। मुख्यमंत्री का हरि सेवा आश्रम पहुंचने पर पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम तथा पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर महामण्डलेश्वर ललितानन्द गिरि, महामण्डलेश्वर जगदीश दास महाराज, महंत विष्णुदास, महन्त दुर्गादास, महन्त कमलदास महाराज, गोविन्ददास महाराज, महंत केशवानंद, प्रहलाद दास महाराज, भारत माता के प्रबन्ध न्यासी आई०डी० शर्मा, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, पूर्व विधायक लक्सर संजय गुप्ता, झबरेड़ा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, विकम भुल्लर, रमेश शास्त्री, नंदलाल, प्रो० हेमलता, पार्षद अनिल मिश्रा, पूर्व पार्षद कन्हैया खेवड़िया, जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी०एल० शाह, एसडीएम पूरण सिंह राणा, सिटी मजिस्ट्रेट सुश्री नूपुर वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी, मनीष दत्त एवं सन्त समाज सहित श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे।