कांग्रेस की कॉरिडोर हटाओ-हरिद्वार बचाओ जनजागरण यात्रा शुरू

हरिद्वार। कांग्रेस ने अपनी कॉरिडोर हटाओ-हरिद्वार बचाओ जनजागरण यात्रा का शुक्रवार को हरकी पैड़ी से शुभारंभ किया। छह दिवसीय जनजागरण यात्रा हरकी पैड़ी से अपर रोड होते हुए विष्णु घाट, रामघाट, मोती बाजार, बड़ा बाजार होते हुए सुभाष घाट पर समाप्त हुई। यात्रा के पहले दिन सुभाष घाट पर समापन अवसर पर बोलते हुए ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कॉरिडोर के खिलाफ व्यापारी लोगों को आगे आना होगा, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। रवि बहादुर ने कहा कि जनविरोधी सरकार के खिलाफ जनता का खड़ा होना जरूरी है। पूरा देश इनसे परेशान हो चुका है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अनिल भास्कर के संयोजन में शुरू हुई छह दिवसीय यात्रा के पहले दिन शहर के समस्त कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनिल भास्कर ने कहा कि पहले भी हरिद्वार में अतिक्रमण के नाम पर तोड़फोड़ हुई थी। तब भी पीड़ित लोग अपने-अपने साक्ष्य लेकर अधिकारियों के पीछे भागते रहे। लेकिन न तो अधिकारियों ने सुनी और न ही नगर विधायक जनता के साथ खड़े हुए। नगर विधायक के झूठ और सरकारी की जन विरोधी नीतियों को अब हरिद्वार में नहीं चलने दिया जाएगा। महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता व्यापारियों के साथ खड़ा है। कॉरिडोर के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक सब हरिद्वार की जनता को गुमराह कर रहे हैं।

कांग्रेस जनजागरण यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार के झूठ के खिलाफ खड़े होने का आह्वान कर रही है, जो लगातार चलता रहेगा। पूर्व राज्य मंत्री रकित वालिया और वरुण बालियान ने कहा कि जन विरोधी नीतियां अब जनता को समझ आ रही है। बस अब लोगों को राहुल गांधी के डरो मत के नारे के साथ खड़ा होना है। पूर्व सभासद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने कहा कि इस प्रकार का डर और संशय का माहौल हरिद्वार ने कभी नहीं देखा। व्यापारी भाइयों को भी अब खुलकर सामने आना होगा। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रवि बाबू शर्मा व युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष विशाल प्रधान, प्रदेश प्रवक्ता हिमांशु बहुगुणा व पूर्व प्रदेश सचिव विभाष मिश्रा ने कहा कि बीजेपी हर जगह व्यापारियों और हिन्दुओं के साथ धोखा करती आई है।

यह बात अब जनता समझ चुकी है। इसलिए लोगों को डराकर उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। महिला प्रदेश महासचिव विमला पांडे व जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, महानगर अध्यक्ष लता जोशी ने भी कॉरिडोर की निंदा करते हुए कहा कि यह हरिद्वार के हर परिवार से जुडा मुद्दा है। कॉरिडोर के कारण किसी का व्यापार जाएगा तो किसी का घर। आवश्यकता पड़ने पर महिला कांग्रेस इसके लिए घर-घर जन जागरण करने जाएगी। इस अवसर पर हरिद्वार व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव पाराशर, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सागर बेनीवाल, भेल मजदूर यूनियन के महामंत्री विकास सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरविन्द शर्मा, महिला प्रदेश महासचिव नलिनी दीक्षित, शशि झा, जगदीप असवाल, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना, यूथ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष तुषार कपिल, एनएसयूआई अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा, जिला महासचिव यूथ कांग्रेस शुभम जोशी, राजेंद्र श्रीवास्तव, अंकुर सैनी, सोनू लाला, शहनाज कुरैशी, इरशाद अली, विनोद कश्यप, जतिन हांडा, निर्वतमान पार्षद राजीव भार्गव, विजय भंडारी, तरुण व्यास, नितिन यादव, नितिन तेश्वर, आशीष प्रधान, अमन गौड़, मोती बाजार व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष मोहित गर्ग, वीरेंद्र श्रमिक, अनंत पाण्डेय, मुन्ना मास्टर, ऋषभ अरोड़ा, विकास चंद्रा, आकिब कुरैशी, दीपक कोरी, सपना सिंह, स्वाति शर्मा, हरीश सिंघल, यशवंत सैनी, सुनील सिंह, महेंद्र गुप्ता, जगदीश, हरद्वारी लाल, बृजमोहन बर्थवाल, सुनील, जॉनी रजौर आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *