हरिद्वार। ऊर्जा निगम आज से ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की कटौती शुरू करेगा। इससे क्षेत्र में सात घंटे बिजली की सप्लाई प्रभावित रहेगी। गुरुवार से 17 फरवरी तक जमालपुर फीडर और बहादरपुर जट्ट फीडर पर मरम्मत के काम किए जाएंगे।
बिजली कटौती से करीब 20 हजार की आबादी प्रभावित रहेगी। ऊर्जा निगम उपकेंद्र ज्वालापुर में गुरुवार से उपसंस्थान गुरुकुल से जमालपुर और जट्ट बहादरपुर फीडर पर कंडक्टर बदलने का काम शुरू करेगा। दोनों फीडरों पर मरम्मत का काम आगामी 17 फरवरी तक जारी रहेगा।
इसके लिए दोनों फीडरों से सुबह 10 बजे बिजली की सप्लाई बंद रहेगी। काम पूरा होने के बाद शाम 5 बजे सप्लाई सुचारू की जाएगी। इस दौरान क्षेत्र के ग्राम गाड़ोवली, जमालपुर कलां, जट्ट बहादरपुर, सीतापुर आदि में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।