शंकराचार्य के समर्थन में सड़क पर उतरी कांग्रेस

हरिद्वार। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के समर्थन में कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में दुधाधारी चौक से चंद्राचार्य चौक तक पदयात्रा निकाली गई। इसके बाद चंद्राचार्य चौक पर शंकराचार्य की तस्वीर का विधिवत दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान शर्मा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार संतों और ब्राह्मण समाज का अपमान कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिस समाज का सबसे अधिक समर्थन और वोट भाजपा को मिलता है, यूपी में उसी समाज के संतों और ब्राह्मणों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है। शर्मा ने ब्राह्मण समाज से भी आगे आकर सरकार के रवैये पर सवाल खड़े करने की अपील की। पार्षद सुनील कुमार और वरिष्ठ महिला नेत्री पुष्पा जोशी ने कहा कि भाजपा किसी का सम्मान नहीं करती, वह केवल पूंजीपतियों को महत्व देती है।

शंकराचार्य हिंदू समाज में सर्वोच्च और सर्वपूज्य पद है। उनका अपमान किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस मौके पर गार्गी राय, मिथलेश गिल, दिनेश दुबे, मुकेश शर्मा, शुभम जोशी, तुषार कपिल, करन सिंह राणा, आशु श्रीवास्तव, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, मनोज जाटव, नकुल माहेश्वरी, प्रदीप भाटिया, नारायण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *