पातंजल योग धाम से सैनी आश्रम तक निकली तिरंगा यात्रा

हरिद्वार। रविवार को आर्य नगर स्थित पातंजल योग धाम से सैनी आश्रम तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में योग धाम के योगाचार्यों, बालकों, संतों, अतिथियों, अभिभावकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग धाम में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। शहर के समाजसेवी एवं उत्तरांचल हैंडबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन अरविंद अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में योग धाम के प्रमुख संतों के साथ उत्तराखंड मास्टर गेम्स एसोसिएशन के चेयरमैन एवं योग धाम के प्रबंधक डॉ. धूम सिंह सैनी, सचिव भारत भूषण और वेदव्रत सैनी मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इसके बाद देशभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सैनी आश्रम पहुंची। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के मार्ग में लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *