रोशनाबाद में गुरु रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती की पूर्व संध्या पर रोशनाबाद में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसका उद्देश्य गुरु रविदास की शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को आम जनता तक पहुंचाना था। इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। शनिवार को संत रविदास शोभायात्रा का शुभारंभ रोशनाबाद स्थित रविदास मंदिर से हुआ।

यह शोभायात्रा मुख्य मार्ग से होकर हेत्तमपुर स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर भवन तक पहुंची और वहां से पुनः रविदास मंदिर लौटी। इस दौरान संत रविदास की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा करते हुए श्रद्धा भाव प्रकट किए। इससे पूर्व मंदिर परिसर में सभी वर्गों के लिए भंडारा भी लगाया गया। सर्व समाज की सहभागिता ने सामाजिक एकता और भाईचारे के संदेश को और मजबूत किया।

12 वर्षों से निकाली जा रही शोभायात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष राजबीर सिंह ने बताया कि गुरु रविदास जयंती पर 12 वर्षों से लगातार शोभायात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा दिखाती हैं, जो जाति-पाति के भेदभाव को दूर करते हुए मानवता की सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इस परंपरा को आगे भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *