होली के जश्न में ‘जहर’ घोलने की साजिश नाकाम : उत्तरकाशी पुलिस ने दबोचा चरस तस्कर

उत्तरकाशी (रॉबिन वर्मा)। रंगों के त्योहार होली की आड़ में नशीले पदार्थों के काले कारोबार को चमकाने की कोशिश कर रहे तस्करों पर उत्तरकाशी पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। मोरी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर लग्जरी कार के जरिए पहाड़ों से नशे की खेप देहरादून ले जाने की फिराक में था।

बागी मौताड बैंड पर बिछाया जाल

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशानुसार, होली के मद्देनजर जनपद में नशे के सौदागरों के खिलाफ ‘अलर्ट मोड’ पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात थानाध्यक्ष मोरी, दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम बागी मौताड बैंड के पास सघन चेकिंग कर रही थी।
तभी एक स्विफ्ट डिजायर कार (UK 14TA 2710) को रोककर तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार से 1 किलो 348 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.70 लाख रुपये आंकी जा रही है।

देहरादून के ठिकानों पर थी सप्लाई की तैयारी

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आयुष ठाकुर (22 वर्ष), निवासी विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि होली के दौरान मांग बढ़ने के कारण वह इस चरस को देहरादून के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहा था। पुलिस अब आयुष के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की कुंडली खंगाल रही है।

पुलिस टीम को मिला इनाम
सफलतापूर्वक इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम की पीठ थपथपाते हुए एसपी उत्तरकाशी ने 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

“त्योहार की आड़ में अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वालों पर हमारी पैनी नजर है। सीमावर्ती क्षेत्रों और बैरियरों पर चेकिंग सख्त कर दी गई है। किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था भंग नहीं होने दी जाएगी।”
— कमलेश उपाध्याय, एसपी उत्तरकाशी

पुलिस टीम के जांबाज :

थानाध्यक्ष दीपक रावत, अ.उ.नि. भगतराम नौटियाल, कानि. अरविंद असवाल, सत्यपाल, गणेश राणा और अनिल तोमर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *