महिला दिवस पर गंगा घाटों की महिला स्ट्रीट वेंडर्स का सम्मान

हरिद्वार। हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बुजुर्ग स्ट्रीट वेंडर्स को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अलकनंदा घाट पर लघु व्यापार एसोसिएशन के इस कार्यक्रम का संयोजन प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने किया। रविवार को चोपड़ा ने कहा कि गंगा घाट पर बिंदी, चूड़ी और माला बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली महिला स्ट्रीट वेंडर्स को आज भी सशक्तीकरण की असल जरूरत है।

उन्होंने सरकार से मांग उठाई कि मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत गंगा घाट और फुटपाथ पर लघु कारोबार करने वाली महिलाओं का सर्वे कराया जाए और योजनाबद्ध तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।लघु व्यापार एसोसिएशन महिला मोर्चा की नगर संयोजक कामिनी मिश्रा ने कहा कि छोटे-छोटे मेलों के समय महिला वेंडर्स को कई बार प्रशासन हटा देता है, जो अन्यायपूर्ण है।

समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाली महिलाओं तक नहीं पहुंच पाता, जो महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य के विपरीत है। इस कार्यक्रम में कामिनी मिश्रा, पुष्पा दास, इंदिरा देवी, कस्तूरी, सीमा, शांति देवी, कला देवी, मधु, सावित्री, बबली, सुमन गुप्ता, मंजू पाल, सोमवती, तुलसी, राधा, ज्योति देवी, पूनम, विमल और कलादेवी सहित अनेक महिलाओं को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *