हरिद्वार। पथरी क्षेत्र में चोरी की वारदात ने किसानों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला गांव अलावलपुर का है, जहां बदमाश रात के अंधेरे में ट्यूबवेल से बिजली की मोटर और डिलीवरी मोटर ले गए। लगातार बढ़ रही वारदात से किसानों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, किसान पवन कुमार रविवार सुबह जब खेत पर पहुंचे तो ट्यूबवेल के कमरे का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो बिजली की मोटर और डिलीवरी मोटर गायब थी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी खेतों से मोटर, पंखे और उपकरण चोरी हो चुके हैं। नाराज किसानों ने अब पंचायत कर खुद ही सुरक्षा की कमान संभालने का फैसला लिया है। रात के समय खेतों में संदिग्धों पर नजर रखी जाएगी। इधर, थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।