हरिद्वार में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों पर गड्ढे, सड़क पर उतरे व्यापारी

हरिद्वार।शहर में नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत सीवर लाइन बिछाई जा रही है। लेकिन, इससे सड़कों पर बने गड्ढे आमजन के लिए आफत खड़ी कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की जिला इकाई के अध्यक्ष संजीव नैय्यर के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुतला फूंककर नमामि गंगे विभाग से कड़ा विरोध जताया।

शहर अध्यक्ष राजीव पाराशर और महामंत्री अमन शर्मा ने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महकमे विफल साबित हो रहे हैं। सीवर लाइन प्रोजेक्ट के चलते शहर की अंदरूनी सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है।युवा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा और तहसील अध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि टूटी सड़कों के कारण लोग अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। महकमे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

उन्होंने चेताया कि जब तक सड़कों की मरम्मत नहीं होती, तब तक सीवर लाइन का काम नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो प्रतिष्ठान बंद कर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस दौरान विजय शर्मा, कमल ब्रजवासी, राजन सेठ, राजेश पुरी, माधव बेदी, अनुज गर्ग, हिमांशु गुप्ता, विवेक भूषण, विक्की आडवाणी, विष्णु अरोड़ा, सन्नी सक्सेना, राजेंद्र जैन, महेश कुमार, जतिन सोढ़ी, आशु वर्मा, आकाश शर्मा, हनी शर्मा, मधुसूदन शर्मा, मयूर उप्रेती, अरुण राघव, यश सदाना, मनोज खुराना, चिराग जोशी, अनुपम भाटिया, शिवम बहुखंडी, पिंकी शर्मा, पंकज मित्तल, अनुज कोठियाल और अनुज तोमर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *