हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रामधाम कॉलोनी में रविवार को तक्षशिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास किराये के मकान में रह रहे 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर युवक पंखे की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने तुरंत रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा। प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतक की पहचान नीरज (18) पुत्र रामपाल, निवासी ग्राम अंबेटा रिंग दान, थाना झिंझाना, जिला शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि नीरज रामधाम कॉलोनी में सैलून चलाता था। पिछले कुछ समय से उसका काम ठीक नहीं चल रहा था। इससे वह परेशान था।
इस कारण नीरज दुकान बंद करना चाहता था। मृतक के भाई ने बताया कि संभवत इसी परेशानी में उसने आत्महत्या की है। एसएसआई विकास रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है। परिजनों से भी प्रकरण में पूछताछ की जा रही है।