हरिद्वार। थाना क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने घर से जेवर और नकदी व एक खेत में लगी मोटर पर भी हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सुभाषगढ़ निवासी ललित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात अज्ञात चोर उसके घर में घुस आए।
चोरों ने घर में रखे संदूक का ताला तोड़ा और उसमें रखे हजारों के सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब पांच हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह मिली। वहीं, दूसरी घटना धारीवाला गांव की है। मेघराज ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति उसके खेत में लगे ट्यूबवेल का ताला तोड़कर बिजली मोटर चोरी कर ले गया।
जब वह खेत पर पहुंचा तो ट्यूबवेल का ताला टूटा हुआ था और मोटर गायब मिली। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।