हरिद्वार। शहर के पॉश इलाके रानीपुर मोड़ क्षेत्र में मंगलवार को दिन में सात घंटे तक लोगो को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। सुबह के समय सप्लाई बाधित होने के बाद लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ी। मरम्मत काम के लिए जल संस्थान ने पानी की सप्लाई को बंद किया था। वहीं शाम पांच बजे पानी की सप्लाई चालू होने के बाद लोगों को राहत मिली।
मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे पानी की सप्लाई बाधित होने के बाद क्षेत्र की करीब 15 हजार की आबादी परेशान हो गई। न्यू हरिद्वार क्षेत्र में लीकेज पानी की पाइप लाइन की मरम्मत के लिए जल संस्थान ने पानी की सप्लाई को बंद किया। लीकेज बंद करने के लिए जल संस्थान को पानी की मुख्य पाइप लाइन में वेल्डिंग का काम करना पड़ा। इसके लिए आसपास के पांच पंपिंग स्टेशन न्यू हरिद्वार, गोविंदपुरी, देवपुरा, ललतारौ और टिबड़ी को बंद कर दिया गया।
लाइन की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद शाम पांच बजे तक पांचों पंपिंग स्टेशनों से पानी की सप्लाई सुचारू हो सकी। दिन में सात घंटे तक पानी की सप्लाई बाधित होने से ललतारौ, शिवमूर्ति, देवपुरा, मायापुर, पुराना औद्योगिक क्षेत्र, टिबड़ी, शिवलोक कॉलोनी, रानीपुर मोड़, मॉडल कॉलोनी, विवेक विहार, पुराना रानीपुर मोड़, न्यू हरिद्वार, गोविंदपुरी कॉलोनी, खन्ना नगर, ऋषिकुल, देवपुरा, मायापुर, विकास कॉलोनी, मीना एनक्लेव, शंकर आश्रम आदि क्षेत्र में लोगों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी। घरों में महिलाओं के काम प्रभावित रहे।