हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत चल रहे सीवर और सड़क निर्माण कार्यों के बीच हल्की बारिश के बाद सप्त सरोवर क्षेत्र में सड़कों पर कीचड़ और सीवर का गंदा पानी फैल गया। स्थानीय निवासी सन्नी मल्होत्रा ने बताया कि गढ़वा घाट मार्केट में पानी निकासी का नाला एक दशक से अधिक समय से अवरुद्ध है जिससे अजर धाम अंध विद्यालय तक करीब 200 मीटर तक गंदा पानी गंगा माता आई हॉस्पिटल के सामने से सड़क पर बहता रहता है।
साथ ही मेले के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। उदयराज बिश्नोई ने कहा कि गढ़वा घाट मार्केट से बहता दूषित पानी सड़कों पर फैलकर सप्तऋषि तिराहे के पास नाले में गिरता है, जिस पर जिलाधिकारी को संज्ञान लेना चाहिए। स्थानीय पार्षद आकाश भाटी ने बताया कि समस्या से मंत्री व विधायक मदन कौशिक को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है, ताकि क्षेत्रवासियों को गंदे पानी की समस्या से राहत मिल सके।