सुमननगर में खस्ताहाल सड़क से बढ़ी परेशानी, जिम्मेदार बेखबर

हरिद्वार। सुमननगर से सिडकुल को जोड़ने वाला करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। टूटी-फूटी सड़क, जगह-जगह गड्ढे और जलभराव के कारण इस रास्ते से आवाजाही करने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रोजाना हजारों लोग इसी मार्ग से सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों, स्कूलों और बाजारों की ओर आते-जाते हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुमननगर कॉलोनी का यह मुख्य मार्ग लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रहा है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं जबकि चारपहिया वाहनों को भी धीरे-धीरे रंगकर गुजरना पड़ता है। स्थिति तब और खराब हो जाती है जब बारिश होती है। बरसात में गड्ढे पानी से भर जाते हैं और सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें दी गईं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कहा, इससे न केवल आम नागरिक, बल्कि उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारी भी प्रभावित हो रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग को शीघ्र ठीक कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बोले जिम्मेदार सुमन नगर से सिडकुल को जोड़ने वाली सड़क कुंभ मेले में पास और टेंडर भी हो चुके हैं, जल्द ही सड़क मरम्मत कार्य का काम शुरू होगा। -आदेश चौहान, विधायक रानीपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *