हरिद्वार। नीट परीक्षा रद्द होने की खबर से परीक्षार्थियों में मायूसी और चिंता का माहौल है। लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने कहा कि परीक्षा रद्द होने से उनके भविष्य पर असर पड़ा है। मालूम हो कि तीन मई को नीट की परीक्षा आयोजित हुई थी जिसमें देश भर से लाखों की संख्या में परीक्षार्थी बैठे थे। पेपर रद्द की सूचना ने परीक्षार्थी परेशान हैं। उनका आरोप है कि सरकार उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
बहुत मुश्किल से परीक्षा की तैयारी की जाती है और माफिया पेपर लीक कर उनकी तैयारियों पर पानी फेर देते हैं। धर्मनगरी में कोचिंग संस्थान से बच्चे पढ़ रहे थे सभी मायूस होकर अपने शिक्षक के पास पहुंचे। परीक्षार्थी ग्राम इब्राहिमपुर निवासी अदनान ने बताया कि पिछले दो वर्ष से नीट की तैयारी कर रहे थे, जिससे अच्छे संस्थान में दाखिला मिल सके। वर्ष 2024 में इंटर की पढ़ाई खत्म कर पूरा ध्यान नीट पर लगाया हुआ था।
इस बार 640 अंक का अनुमान था लेकिन जैसे ही पेपर लीक की खबर मिली दिल को बहुत धक्का लगा। रोजाना 20 किमी का सफर तय कर कोचिंग के लिए आना पड़ता है उसके बाद वापस घर जाकर पढ़ाई भी करनी होती है। जो पेपर लीक करते हैं उन्हें बच्चों के मेहनत और भविष्य को देखना चाहिए। सरकार को भी सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। एक बार फिर से पूरे जोश के साथ पेपर दिया जाएगा।