देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही सुखी जीवन का आधार है और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर समाज सेवा का सर्वोत्तम माध्यम हैं।स्वास्थ्य मंत्री हाथीबड़कला कैंट रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से स्वर्गीय नीलम अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित पूर्णतः निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं औषधि वितरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि लाभार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर संयोजक शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल द्वारा अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी की 62वीं जयंती पर जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को प्रेरणादायक पहल बताया। साथ ही शिविर में जांच कराने पहुंचे लाभार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए कार्यक्रम को अत्यंत सफल बताया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने 155 बार रक्तदान करने वाले यूथ रेड क्रॉस के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा को अंगवस्त्र पहनाकर “नीलम अग्रवाल मेमोरियल रक्तवीर सम्मान” से सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. अनिल वर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री एवं ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. सुनील अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट के चेयरमैन शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा वर्ष में चार बार—उनके और उनकी धर्मपत्नी के जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा पुण्यतिथि पर—जनहित में इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में एलोपैथिक, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, मनोरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा डाइटिशियन द्वारा कुल 127 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क परामर्श दिया गया।
साथ ही ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन, टीएसएच (थायरॉयड) तथा पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) सहित विभिन्न जांचें और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविरों का विशेष महत्व है। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाएं उपलब्ध कराना किसी वरदान से कम नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई है। स्वस्थ व्यक्ति ही जीवन के सुखों का आनंद ले सकता है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फिल्म अभिनेत्री एवं ‘दी हिमाचल टाइम्स’ समाचार पत्र की चेयरमैन एवं एमडी इन्द्राणी पांधी ने कहा कि अधिकांश महिलाएं, विशेषकर ग्रामीण और गृहिणियां, अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं रहतीं। आर्थिक स्थिति, दूरी और जानकारी के अभाव के कारण उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पातीं। ऐसे में समुदाय स्तर पर लगाए जाने वाले निःशुल्क शिविर महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं। यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के रक्तदाता शिरोमणि डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य जांच शिविर व्यक्ति के शरीर में छिपी गंभीर बीमारियों का समय रहते संकेत देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने स्वर्गीय नीलम अग्रवाल की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी अनुरोध किया।
शिविर में विख्यात मनोचिकित्सक डॉ. मुकुल शर्मा, ऋषिकेश के मेयर शम्भू पासवान, वैश्य महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल, कथा व्यास आचार्य सुभाष जोशी, अग्रवाल समाज अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, महिला अध्यक्ष रितु गोयल तथा महिला नेत्री आभा बड़थ्वाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संत मनोज ध्यानी, पार्षद भूपेंद्र कठेत, श्री महाकाल सेवा समिति अध्यक्ष रोशन राणा, सृष्टि हरिराम गुप्ता, विजय कथूरिया, ताराचंद गुप्ता, अधीर मुखर्जी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
शिविर संचालन में नेमी चंद अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, शकुंतला अग्रवाल, अक्षय अग्रवाल, एडवोकेट सिद्धार्थ अग्रवाल, काजल रावत, अंशुल राणा, सृष्टि भट्ट, हिमानी राघव, गीतांजलि मोरेना, शोभित जैन, राघव गोयल, सुमित अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, सरदार बिंदर “बिन्दे” तथा फोटो आर्टिस्ट शिवराज सिंह ठाकुर का विशेष योगदान रहा। विशेषज्ञ चिकित्सक दल में डॉ. सोना कौशल गुप्ता, डॉ. मनोज नौटियाल, डॉ. रितु बदूनी, डॉ. शैली गुप्ता और डॉ. डॉली बालियान शामिल थीं।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन शिक्षाविद डॉ. सुनील अग्रवाल ने किया।