किराये के कमरे में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी एक दिन पहले ही अपनी ढाई साल की बेटी के साथ मायके गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार लोकेश (25) मूल रूप से धनौरी खुर्द, बिसराई अमरोहा (उत्तर प्रदेश) का निवासी था।

वह कनखल थाना क्षेत्र के गत्ता अबूवाला स्थित राजा गार्डन, आदर्श नगर में किराये के कमरे में परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। जानकारी के अनुसार लोकेश की पत्नी बुधवार शाम अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी। गुरुवार को कमरे में लोकेश का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और जांच-पड़ताल शुरू की। कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *