हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपी को लुधियाना के पंजाब से गिरफ्तार किया है। उसके पास से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार 20 मई को लेबर कॉलोनी सेक्टर-2 बीएचईएल निवासी एक पिता ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना रानीपुर कोतवाली में दी थी।
इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि लेबर कॉलोनी सेक्टर-2 बीएचईएल निवासी अंकुश नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ लुधियाना, पंजाब ले गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने लुधियाना पहुंचकर दबिश दी और आरोपी अंकुश को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी वर्तमान में 775/1 गली नंबर-12, पंजाब माता मंदिर, लुधियाना में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह 19 मई को नाबालिग को अपने साथ लुधियाना ले गया था। वहां उसने उसके साथ विवाह कर लिया और दोनों किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराने के साथ उसका मेडिकल भी कराया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी अंकुश के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।