सड़कों के गहरे गड्ढे बढ़ा रहे राहगीरों की मुसीबत

हरिद्वार।  हरिद्वार शहर की कई प्रमुख सड़कें गहरे गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण खतरनाक बन गई हैं। रोजाना हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि बरसात के मौसम में दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। शहर की कई प्रमुख सड़कें इन दिनों बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी सड़कें वाहन चालकों, विशेषकर दोपहिया सवारों के लिए मुसीबत का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है।चंडीघाट चौक से बैरागी कैंप जाने वाली सर्विस लेन सबसे अधिक खराब स्थिति में है।

सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं और डामर उखड़ने से पत्थर बाहर निकल आए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कई दोपहिया चालक गड्ढों में फंसकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है। बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर भी बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं देवपुरा चौक से नगर निगम कार्यालय की ओर जाने वाली सड़क भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क मरम्मत कराकर दुर्घटनाओं की आशंका को खत्म करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *