हरिद्वार। मानसून की पहली बारिश ने उत्तरी हरिद्वार की सर्विस लेन पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार उजागर कर दी है। कई स्थानों पर सीवर लाइन बिछाने और सड़क बहाली का काम अधूरा पड़ा है। बारिश के बाद सर्विस लेन पर कीचड़, गड्ढों और धंसती सड़कों से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जबकि हादसों की आशंका भी गहरा गई है। सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें कई स्थानों पर अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं की गई हैं।
खुले गड्ढों और उबड़-खाबड़ मार्ग के कारण स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए हैं। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हाल ही में निर्माण कार्यों का कई बार स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को मानसून से पहले सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
उन्होंने निर्माण में तेजी लाने और आमजन को असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया था, लेकिन इसके बावजूद मौके पर कार्य अपेक्षित गति से आगे बढ़ता नहीं दिख रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र ही सीवर लाइन और सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ तो लगातार बारिश से सड़कें और अधिक क्षतिग्रस्त होंगी तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। लोगों ने प्रशासन से कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और सर्विस लेन को जल्द सुरक्षित एवं सुचारु रूप से यातायात के लिए तैयार कराने की मांग की है।