कांवड़ मेले की तैयारियां तेज, यातायात पुलिस ने बनाई रणनीति

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 को लेकर यातायात पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित कमलदास कुटिया में यातायात पुलिस और सीपीयू के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र कुमार ने की।

इसमें हरिद्वार और रुड़की की यातायात पुलिस तथा सीपीयू के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक यातायात ने पिछले कांवड़ मेले के अनुभवों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अधिकारियों द्वारा दिए गए व्यवहारिक सुझावों पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान सीपीयू प्रभारी निरीक्षक हितेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक यातायात हरिद्वार संदीप सिंह नेगी और प्रभारी निरीक्षक यातायात रुड़की राजेंद्र नाथ ने ड्यूटी के दौरान अनुशासन, बेहतर समन्वय, सतर्कता और प्रभावी यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ मेले के दौरान जनसुरक्षा, निर्बाध आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी जिम्मेदारी और टीम भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *