हरिद्वार। उप संस्थान भट्टीपुर क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने नसीरपुर कलां और नसीरपुर खुर्द, झबीरन गांव में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान 16 घरों में मीटर से पहले अवैध कट लगाकर बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया। सभी आरोपितों के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने एसडीओ सचिन सचदेवा के नेतृत्व में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
टीम में विजिलेंस अधिकारी धनंजय और अनिल सिंह के अलावा विभागीय कर्मचारी भी शामिल रहे। जांच के दौरान मोमीन, कुर्बान, मुस्तकीम, इरशाद, पुष्पराज धीमान, मान सिंह, अमजद, जुबेदा, सोनू, सईद, अब्बास, सौरभ, जाहिद, हमीर, राजेश और राकेश के घरों में मीटर से पहले अवैध कट लगाकर बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। सभी निवासी नसीरपुर कलां और नसीरपुर खुर्द झबीरन के बताए गए हैं।
एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि 16 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिये तहरीर दी गई है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता संदीप सेमवाल, लाइनमैन अशरफ अली तथा राजवीर, अजय, प्रदीप और राजेश सहित विभागीय टीम मौजूद रही। एसओ पथरी रविन्द्र कुमार ने बताया बिजली चोरी के मामले में आई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।