हर की पैड़ी भगवामय, बोल बम के जयकारों से गूंजे घाट

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आई। विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी समेत आसपास के सभी प्रमुख गंगा घाट भगवा रंग में रंगे दिखाई दिए। सुबह से ही दूर-दराज के राज्यों से पहुंचे लाखों शिवभक्त कांवड़ियों की भीड़ गंगा तटों पर उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाने के बाद विधि-विधान से गंगाजल भरा और बोल बम, हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों के बीच अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

गुरुवार सुबह से हर की पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय घाट और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कंधों पर सजी आकर्षक और रंग-बिरंगी कांवड़ लिए शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ गंगाजल भरते नजर आए। गंगा तटों पर धार्मिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। घाटों पर हर ओर भगवा वस्त्रधारी कांवड़ियों की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में डूबा दिखाई दिया।

कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और मेला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। हर की पैड़ी और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस तथा स्वयंसेवकों की तैनाती रही। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *