हरिद्वार। ऑनलाइन साइबर ठगों ने बिहार के युवक से कुल 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। इस धोखाधड़ी में 20 हजार रुपये की रकम हरिद्वार के एटीएम से निकली गई। नगर कोतवाली के उपनिरीक्षक की जांच में एटीएम से दो दफा 10 हजार रुपये कुल 20 हजार रुपये निकालने की पुष्टि हुई है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने समन्वय पोर्टल पर मिली जानकारी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को कोतवाली नगर में तैनात उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट ने समन्वय पोर्टल पर संदिग्ध एटीएम निकासी की रिपोर्ट का अवलोकन किया।जांच में पता चला कि हरकी पैड़ी अपर रोड के एटीएम से 12 मई शाम को दो बार 10-10 हजार रुपये निकाले गए।
पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़ित वरुण कुमार झा निवासी मोतिहारी बिहार से साइबर ठगों ने कुल 95 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एटीएम के सीसीटीवी फुटेज, बैंक रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।