हरिद्वार। श्यामपुर रेंज की कांसवाली बीट के वन क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में वन गुर्जर युसूफ (65 वर्ष) पुत्र कासिम की मौत हो गई। घटना के बाद हाथी काफी देर तक घटनास्थल के आसपास ही बना रहा। घटना की सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से हाथी को घटनास्थल से दूर खदेड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, दियावाली स्रोत निवासी युसूफ (65 वर्ष) पुत्र कासिम गुरुवार सुबह अपने बेटे और एक पड़ोसी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर आबादी क्षेत्र की ओर जाने के लिए घर से निकले थे।घर से कुछ दूर निकलते ही सामने मिले हाथी ने उनकी ओर दौड़ लगा दी। हाथी को देख तीनों जान बचाने के लिए भागे। बेटा और पड़ोसी पेड़ पर चढ़कर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि युसूफ हाथी के हमले की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्राम प्रधान पीली पड़ाव शशि पाल सिंह झंडवाल ने बताया कि मृतक युसूफ का परिवार दियावाली स्रोत, पीली पड़ाव में रहता है। वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा वन क्षेत्र के भीतर हुआ है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।