बिना अनुमति 80 हरे पेड़ों को काट दिया, चार आरोपीयों पर केस दर्ज

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमालपुर कलां में लकड़ी तस्करों ने बिना विभागीय अनुमति के 80 हरे भरे पेड़ों की अवैध कटाई कर दी। मामले में उद्यान सचल दल केंद्र बहादराबाद के प्रभारी उद्यान निरीक्षक ने कोतवाली कनखल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस से चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही आरोपियों की तलाश में जुटी है।

उद्यान निरीक्षक मासूम अली ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर बताया कि जमालपुर कलां में पंचायत घर मार्ग पर रेलवे लाइन के पास बगीचे में अवैध रूप से पेड़ों को काटा गया है। आरोप है कि दाऊद अली पुत्र मकसूद, शाहबुद्दीन पुत्र मकसूद, ठेकेदार कुरबान निवासी इक्कड़ कलां और अतीक निवासी रणसुरा ने बगीचे के पेड़ों को काट दिया।बीती 25 जुलाई को विभागीय निरीक्षण के दौरान 20 पेड़ों की अवैध कटाई की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद एक अगस्त को दोबारा निरीक्षण करने पर सचल दल को अतिरिक्त 60 पेड़ों के कटने के साक्ष्य मिले। आरोप है कि कुल 80 पेड़ों की अवैध कटाई की गई।मामले में विभाग ने संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पक्ष रखने का अवसर दिया। लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विभाग ने अवैध पेड़ कटान को उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम का गंभीर उल्लंघन बताया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *