हरिद्वार। डाक कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को हरकी पैड़ी और गंगा घाटों पर उमड़ी शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भारी बारिश में जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल जल निकासी कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर डाक कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में सभी कांवड़ यात्रियों की यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारी और सुरक्षा बल पूरी संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस जवानों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने डाक कांवड़ियों से भी भारी बारिश के बीच गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु घाटों पर सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इसके बाद जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक समेत जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों से तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि डाक कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस, सुरक्षा बल और संबंधित विभागों के अधिकारी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं。