हरिद्वार। सावन मास की महाशिवरात्रि पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार शिवभक्ति में डूबी नजर आई। सुबह तड़के से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। स्थानीय लोगों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल और अन्य पूजन सामग्री लेकर शिवालयों में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
कई मंदिरों में विशेष रुद्राभिषेक और पूजन भी कराया गया। कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मान्यता है कि यह मंदिर भगवान शिव और माता सती की कथा से जुड़ा प्रमुख तीर्थस्थल है। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। बिलकेश्वर महादेव, नीलेश्वर महादेव समेत अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधनों और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गईं।