खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में गंदगी देख डीएम नाराज

हरिद्वार।  जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था न मिलने और घास-झाड़ियों की कटान नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यालय परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण होना जरूरी है। कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत होने वाले कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बच्चों और अभिभावकों से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय के लिए चिह्नित स्थान का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय को जल्द विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षा से जुड़े लोगों को इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *